युग की माँग प्रतिभा परिष्कार

विशिष्टता का नये सिरे से उभार

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>
दूध में मक्खन घुला होता है, पर उसे अलग निकालने के लिये उबालने, मथने जैसे कई कार्य सम्पन्न करने पड़ते हैं। प्राणवान् प्रतिभाओं की इन दिनों अतिशय आवश्यकता पड़ रही है, ताकि इस समुद्र मन्थन जैसे युगसंधि पर्व में अपनी महती भूमिका निभा सकें। अनिष्ट के अनर्थ से, मानवीय गरिमा को प्रचंड पुरुषार्थ प्रदर्शित कर सकें, जैसे गंगा अवतरण पुरुषार्थ के संदर्भ में मनस्वी भगीरथ द्वारा सम्पन्न किया गया था।

    इन दिनों यह ढूँढ़ खोज ही बड़ा काम है। सीता को वापस लाने के लिए वानर समुदाय विशेष खोज में निकला था। समुद्र मन्थन भी ऐसी खोज का एक इतिहास है। गहरे समुद्र में उतरकर मणि-मुक्तक खोजे जाते हैं। कोयले की खदानों में से खोजने वाले हीरे ढूँढ़ निकालते हैं, धातुओं की खदान इसी प्रकार धरती को खोद-खोद कर ढूँढ़ी जाती हैं। दिव्य औषधियों को सघन वन प्रदेशों में खोजना पड़ता है। वैज्ञानिक प्रकृति के रहस्यों को खोज लेने भर का काम करते हैं। हाड़ माँस की काया में से देवत्व का उदय, साधना द्वारा गहरी खोज करते हुए ही संभव किया जाता है। महाप्राणों की इन दिनों इसी कारण भारी खोज हो रही है कि उनके बिना युगसंधि का महाप्रयोजन पूरा भी तो नहीं हो सकेगा। आज तो व्यक्ति की सामयिक एवं क्षेत्रीय समस्याओं का निराकरण भी वातावरण बदले बिना संभव नहीं हो सकता। संसार में निकटता बढ़ जाने से, गुत्थियाँ भी वैयक्तिक न रहकर सामूहिक हो गई हैं। उनका निराकरण व्यक्ति को कुछ ले दे कर नहीं हो सकता। चेचक की फुंसियों पर पट्टी कहाँ बाँधते हैं? स्थाई उपचार तो रक्त शोधन की प्रक्रिया से ही बन पड़ता है।

    प्रस्तुत चिन्तन और प्रचलन में इतनी अधिक विकृतियों का समावेश हो गया है कि उन्हें औचित्य एवं विवेक से सर्वथा प्रतिकूल माना जा सकता है। अस्वस्थता, उद्विग्नता, आक्रामकता, निष्ठुरता, स्वार्थान्धता, संकीर्णता, उद्दण्डता का बड़ों और छोटों में अपने-अपने ढंग का बाहुल्य है। लगता है मानवीय मर्यादाओं और वर्जनाओं की प्रतिबद्धता से इनकार कर दिया गया है। फलत: व्यक्ति को अनेकानेक संकटों और समाज को चित्र-विचित्र समस्याओं का सामना करना पड़ता है। न कोई सुखी दिखता है, न संतुष्ट। अभाव और जन बाहुल्य नयी-नयी विपत्तियाँ खड़ी कर रहे हैं। हर कोई आतंक और आशंका से विक्षुब्ध जैसा दिखता है।


इन सबसे जूझने के लिये एक सुविस्तृत मोर्चे बंदी करनी होगी। सामान्य जन तो अपनी निजी आवश्यकताओं, उलझनों तक का समाधान नहीं कर पाते, फिर व्यापक बनी-हर क्षेत्र में समाई विपन्नताओं से जूझने के लिए उनसे क्या कुछ बन पड़ेगा? इस कठिन कार्य को सम्पन्न करने के लिये विशिष्टतायुक्त प्रतिभाएँ चाहिए। बड़े युद्धों को जीतना वरिष्ठ सेनानायकों द्वारा अपनायी गई रणनीति और सूझ-बूझ के सहारे ही सम्भव हो पाता है। यही बात बड़े सृजन के सम्बन्ध में भी है। ताजमहल जैसी इमारत बनाने, चीन की दीवार खड़ी करने, हावड़ा जैसे पुल खड़े करने के लिये वरिष्ठ लोगों की वस्तुस्थिति के साथ तालमेल बिठाकर चलने वाली नीति ही सफल होती है। उनके लिये आवश्यक साधन एवं सहयोग जुटाना भी हँसी खेल नहीं होता। बड़ी प्रतिभाएँ ही बड़ी योजनाएँ बनाती हैं। वे ही उतने भारी भरकम दायित्व उठाती हैं। छोटे तो समर्थन भर देते हैं। सफलता पर हर्ष और असफलता पर विषाद प्रकट करने भर की उनमें क्षमता होती है।

    इन दिनों दो कार्य प्रमुख हैं-विषमता से जूझना और उन्हें निरस्त करना, साथ ही नवसृजन की ऐसी आधारशिला रखना, जिससे अगले ही दिनों सम्पन्नता बुद्धिमत्ता, कुशलता और समर्थता का सुहावना माहौल बन पड़े। इक्कीसवीं सदी को दूरदर्शी लोग सर्वतोमुखी प्रगति की सम्भावनाओं से भरी-पूरी मानते हैं। उस अवधि में सतयुग की वापसी पर विश्वास करते हैं कि इन्हीं दिनों समर्थ प्रतिभाओं का सृजन उन्नयन और प्रखरीकरण तेजी से हो रहा है। संभवत: अदृश्य शक्ति का ही इसमें हाथ हो? ऐसी शक्ति का जो समय-समय पर, आड़े समय में, बिगड़ता संतुलन सँभालने के लिए अपने वर्चस्व का प्रकटीकरण करती रही हैं। कहना न होगा कि तेजस्वी प्रतिभाएँ ही भौतिक समृद्धि बढ़ाने, प्रगति का वातावरण उत्पन्न करने और अंधकार भरे वर्तमान को उज्ज्वल भविष्य में परिणत करने का श्रेय सम्पादित करती रही हैं। उन्हें ही किसी देश, समाज एवं युग की वास्तविक शक्ति एवं सम्पदा माना जाता है। स्पष्ट है कि वे उदीयमान वातावरण में ही उगती और फलित होती हैं। वर्षा में हरीतिमा और वसन्त में सुषमा का प्राकट्य होता है। प्रतिभाएँ अनायास ही नहीं बरस पड़तीं, न वे उद्भिजों की तरह उग पड़ती हैं। उन्हें प्रयत्नपूर्वक खोजा, उभारा और खरादा जाता है। इसके लिये आवश्यक एवं उपयुक्त का सृजन किया जाता है।

    दो अनिवार्य चरण- इन दिनों ऐसा ही कुछ चल रहा है। असन्तुलन को सन्तुुलन में बदलने के लिए महाकाल की कोई बड़ी योजना बन रही है। उसे मूर्त रूप देने के लिये दो छोटे; किन्तु अति महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम सामने आये हैं। एक आदर्शवादी सहायकों में उमंगों को उभारना और एक परिसर, एक सूत्र में सम्बद्ध होना। साथ ही कुछ नियमित एवं सृजनात्मक गतिविधियों को प्रारम्भ करना, जो सद्विचारों को सद्कार्यों में परिणत कर सकने की भूमिका बना सकें। दूसरा कार्य यह है कि अनीति विरोधी मोर्चा खड़ा किया जाय। उसे एक प्रयास से आरम्भ करके विशाल-विकराल बनाया जाय। एक चिनगारी दावानल बनती है। छोटे बीज से वृक्ष बनता है। ध्वंस एवं सृजन दोनों का यही उपक्रम है। एक कदम शालीनता के सृजन का, दूसरा अनीति के दमन का। सत्प्रवृत्ति संवर्धन और दुष्प्रवृत्ति उन्मूलन के दो मोर्चे पर, दुधारी तलवार से, दो स्तर की रीति-नीति अपनाना। यह अग्रगमन, जिस पर कदम-कदम बढ़ते हुए नवयुग का अवतरण संभव हो सकता है। उज्ज्वल भविष्य की, सर्वतोमुखी प्रगति एवं चिरस्थाई शांति के लक्ष्य तक पहुँचा जा सकता है। इसी स्थिति में पहुँचने पर ‘सत्यमेव जयते’ का उद्घोष, प्रचण्ड प्रयासों का मार्ग पूरा करते हुए, अपनी यथार्थता का परिचय दे सकता है।

    इस महाजागरण से ही प्रतिभाओं की मूर्छना हटेगी। वे अँगड़ाई लेते हुए लम्बी मूर्छना से पीछा छुड़ातीं और दिनमान की ऊर्जा प्रेरणा से, कार्यक्षेत्र में अपने पौरुष का परिचय देती हुई दृष्टिगोचर होंगी। इस भवितव्यता को हम सब इन्हीं आँखों से अपने ही सामने मूर्तिमान होता हुआ देखेंगे।


प्रयत्नपूर्वक खदानों से हीरे खोज तो लिए जाते हैं; पर उन्हें चमकदार, बहुमूल्य और हार में शोभायमान स्थान पाने के लिए खरादना अनिवार्य रूप से आवश्यक होता है। धातुएँ अनेक बार के अग्नि संस्कार से ही संजीवनी जैसी रसायनों के रूप में परिणत होती हैं। पहलवान अखाड़े में लम्बा अभ्यास करने के उपरान्त ही दंगल में विजयश्री वरण करते हैं। शिल्पी और कलाकार अपने विषय में प्रवीण-पारंगत बनने के लिए लम्बे समय तक अभ्यासरत रहते हैं। प्रतिभाओं का प्रशिक्षण और परिवर्धन, आदर्शवादी गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर भूमिका निभाने के उपरान्त ही संभव हो पाता है।

    उक्त तथ्य के अनुरूप जहाँ प्रतिभाओं को खोजा जा रहा है, वहीं उनकी प्रखरता निखारने के लिए ऐसे कार्यों में जुटाया भी जा रहा है, जिनके कारण उनका ओजस्, तेजस् और वर्चस्, जाज्वल्यमान हो सके। विश्वामित्र ने, दशरथ पुत्रों को, युग सृजन प्रयोजन के लिए उपयुक्त समय पर उनकी तेजस्विता उभारने के लिए यज्ञ की रक्षा करने और असुरों से जूझने का काम सौंपा था। हनुमान्, अर्जुन आदि ने ऐसी ही अग्नि परीक्षाओं से गुजरते हुए असाधारण गौरव पाया था। इनसे बचकर किसी पर भी महानता आकाश से नहीं बरसी है। पराक्रम से जी चुराने वाले तो कृपणों, प्रमादियों की तरह मात्र हाथ ही मलते रहते हैं।

    इन दिनों जन्मान्तरों से संचित सुसंस्कारों वाली प्रतिभाएँ खोज निकाली गई हैं। उन्हें युग चेतना के साथ जोड़ा गया है। इन्हें नवसृजन साहित्य के माध्यम से पुष्प वाटिका में मधुमक्खियों की तरह, दिव्य सुगन्ध ने आमंत्रित किया है और उसी परिकर में छत्ता बनकर रहने के लिए सहमत किया है। प्रज्ञा परिवार को इसी रूप में देखा-समझा और आँका जा सकता है। प्रज्ञा परिजनों को युग सृजन का लक्ष्य लेकर अवतरित हुई दिव्य आत्माओं का समुदाय कहा जा सकता है। वे अन्तरात्मा को अमृत पिलाने वाले, युग साहित्य का रसास्वादन करते रहे हैं, मिशन की पत्रिकाएँ नियमित रूप से पढ़ते रहे हैं। युग चेतना की भावभरी प्रेरणाओं का यथासंभव अनुसरण भी करते रहे हैं। उनके अब तक के योगदान को, परमार्थ पुरुषार्थ को, मुक्त कण्ठ से सराहा जा सकता है। पर बड़े प्रयोजनों के लिए इतना ही तो पर्याप्त नहीं? समय की बढ़ती माँग को देखते हुये, बड़े कदम भी तो उठाने पड़ेंगे। बच्चे का छोटा-सा पुरुषार्थ भी अभिभावकों द्वारा भली-भाँति सराहा जाता है, पर युवा होने बचपन की पुनरावृत्तियाँ करने भर से कौन यशस्वी बनता है?

    अगली चुनौती बड़ी है- यहाँ परिजनों के पिछले दिनों के योगदान का मूल्यांकन घटाकर नहीं किया जा रहा है। पर इतने भर से बातें तो नहीं बनतीं। महाकाल की अभिनव चुनौती स्वीकार करने के लिए उतने पर ही संतोष नहीं किया जा सकता, जो पिछले दिनों हो चुका है। यह लम्बा संग्राम है- संभवत: प्रस्तुत परिजनों के जीवन भर चलते रहने वाला। इक्कीसवीं सदी आरम्भ होने में अभी दस वर्ष से भी अधिक का समय शेष है। इस युगसंधि वेला में तो हम सब को, उस स्तर की तप साधना में संलग्न रहना है, जिसे भगीरथ ने अपनाया और धरती पर स्वर्गस्थ गंगा का अवतरण संभव कर दिखाया था। महामानवों के जीवन में कहीं कोई विराम नहीं होता। वे निरंतर अनवरत गति से, शरीर छूटने तक चलते ही जाते हैं। इतने पर भी लक्ष्य पूरा न होने पर, जन्म-जन्मान्तरों तक उसी प्रयास में निरत रहने का संकल्प सँजोए रहते हैं। इसी परम्परा का निर्वाह उन्हें भी करना है, जिन्हें अपनी प्रतिभा निखारनी और निजी तथा सार्वजनिक क्षेत्र में ऐसी उपलब्धियाँ कमानी हों; जिन्हें प्रेरणाप्रद, अनुकरणीय, अभिनन्दनीय एवं अविस्मरणीय कहा जा सके। अपने परिवार की प्रतिभाओं को उपेक्षित स्तर का नहीं रहना है। इनकी गणना उन लोगों में नहीं होनी चाहिए, जिन्हें परावलम्बी या निर्वाह के लिये, जीवित भर रहने वाला कहा जाता है।

    कमल पुष्प, सामान्य तालाब में उगने पर भी, अपनी पहचान अलग बनाते और दूर से देखने वाले के मन पर भी अपनी प्रफुल्लता की प्रतिक्रिया उत्पन्न करते हैं। अपना स्वरूप एवं स्तर ऐसा ही होना चाहिए।



<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:







Warning: fopen(var/log/access.log): failed to open stream: Permission denied in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 113

Warning: fwrite() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 115

Warning: fclose() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 118