महाकाल का स्वरूप और उनकी भावी रीती नीति

यह युगसन्धि की बेला है। परिवर्तन की घड़ियाँ सदा जटिल होती है। एक शासन हटता दूसरा आता है तो उस मध्यकाल में कई प्रकार की उलट- पुलट होती देखी गई है। गर्भस्थ बालक जब छोटी उदरदरी से बाहर निकल कर सुविस्तृत विश्व में प्रवेश करता है तो माता को प्रसव पीड़ा सहनी पड़ती है और बच्चा जीवन- मरण से जूझने वाला पुरुषार्थ करता है। प्रभात काल से पूर्व की घड़ियों में तमिस्रा चरम सीमा तक पहुँचती है। दीपक के बुझते समय बाती का उछलना, फुदकना देखते ही बनता है। मरणासन्न की साँसें इतनी तेजी से चलती है मानो वह निरोग और बलिष्ठ बनने जा रहा है। चींटी के जब अन्तिम दिन आते है तब उसके पर उगते हैं। इन उदाहरणों से स्पष्ट है कि परिवर्तन की घड़ियाँ असाधारण उलट- पुलट की होती है। उन दिनों अव्यवस्था फैलती, असुविधा होती और कई बार संकट विग्रहों की घटा भी घुमड़ती है। युग परिवर्तन की इस सन्धि बेला में भी ऐसा ही हो रहा है। असुरता जीवन- मरण की लड़ाई लड़ रही है और देवत्व को उसे पदच्युत करके सिंहासनारूढ़ होने में अनेक झंझटों का सामना करना पड़ रहा है। भूतकाल में भी ऐसे अवसरों पर यही दृश्य उपस्थित हुए है, ऐसे ही घटनाक्रम चले है जैसे कि इन दिनों सामने हैं।

परिवर्तन की प्रक्रिया चल तो बहुत समय से रही है, पर उसकी आरम्भिक मन्दगति को द्रुतगामी बनने का अवसर इन्हीं दिनों मिला है। प्रकृति तब रुग्ण शरीर से विषाक्तता को निकाल बाहर करने के लिए अधिक तत्परता बरतती है तो कई प्रकार के उपद्रव उठ खड़े होते हैं। उल्टी, दस्त ज्वर आदि में रोगी को कष्ट तो अवश्य होता है, पर संचित मलों की सफाई इससे कम में हो भी नही सकती। रक्त में भरी विषाक्तता फोड़ा- फुन्सी बनकर बाहर आती और मवाद बनकर विदा होती है। देखने में यह अरुचिकर लगता है, पर चिकित्सक यही कहते है घबराने की कोई बात नहीं। प्रकृति को अपना काम करने देना चाहिए। जो सफाई चिकित्सक मुद्दतों में नहीं कर सकते थे वह उस उभार में कुछ ही दिनों में सम्पन्न हो जाती है। विषमता के निष्क्रमण में ऐसा होता भी है। सेना भागते- भागते अपने क्षेत्र को नष्ट कर जाती है ताकि शत्रु के हाथ में कोई सुविधा जनक परिस्थिति न लगे। लगता है सफाई के दिनों में ऐसी ही रणनीति चल रही है। लगता है नाली साफ करते समय उड़ने वाली बदबू की तरह इन दिनों जो असुखद घटित हो रहा है उसके पीछे सुखद सम्भावनाएँ ही झाँक रही है।

प्रसव पीड़ा में एक ओर प्रसुता को अत्यधिक कष्ट होता है। दूसरी ओर नवजात शिशु के आगमन की कल्पना में हृदय भी हुलसता है। हर परिवर्तन ऐसे ही विग्रह करता है, कन्या ससुराल जाती है तो परिवार का विछोह कम व्यथित नही करता किन्तु ससुराल में घर की रानी बनने का सपना उसे धैर्य बँधाता है और आश्वासन भी देता है। परिवर्तन की इस बेला में आगत कष्टों को इसी रूप में देखा जाना चाहिए। अदृश्य दर्शियों के भविष्य दर्शन इन दिनों को अधिक त्रास दायक बताते है। उनका कथन है कि सन् १९८० से २००० के मध्यवर्ती बीस वर्ष भारी उथल- पुथल के है। उनमें एक ओर दुष्प्रवृत्तियों की कष्टकारक दण्ड व्यवस्था अपनी चरम सीमा पर होगी, तो दूसरी ओर नवसृजन के आधार भी खड़े होगे। इन परस्पर विरोधी गतिविधियों से असमंजस तो होता है, पर साथ ही यह जानकर समाधान भी मिलता है कि ऐसे समयों पर इस स्तर की दूहरी गतिविधियों का चलना अस्वाभाविक नहीं है। किसान हल चलाकर खेत के खर पतवार और कंकड़ पत्थर हटाता है, साथ ही बीज बोने की तैयारी भी करता है। इनमें से एक कार्य ध्वंसात्मक है दूसरा सृजनात्मक। दोनों के मध्य परस्पर विरोध देखा जा सकता है, पर वस्तुत: वह पूरक भी तो होता है। डॉक्टर आपरेशन करने में जितनी कुशलता दिखाता है उतनी ही तत्परता घाव भरने के उपक्रम में भी बरतता है। माता का दुलार और सुधार साथ चलता है। पतझड़ में पुरातन पत्र पल्लव गिरते झड़ते है, साथ ही वसन्त की हरीतिमा का पूर्वाभास भी होता है।

दूरदर्शियों के अनेक वर्ग है और उन सबने अपने- अपने ढ़ंग से इस सन्धि बेला को दुहरी संभावनाओं से भरा- पूरा बताया है। वे निकट भविष्य में सुखद की सम्भावना बनाते है। अपने पक्ष के समर्थन में उनके दृष्टिकोण तो अलग- अलग है, पर निष्कर्ष एक ही तथ्य पर जा पहुँचते है। सभी की यह मान्यता है कि कष्टकारक दिन समीप है। ऐसे पूर्व कथन हानिकारक भी होते है और लाभदायक भी।

हानिकारक उनके लिए जो डरते, घबराते और हड़बड़ी में चिन्ताग्रस्त, हतप्रभ और किंकर्तव्य विमूढ़ बनते है। यह हड़बड़ी वास्तविक विपत्ति से अधिक हानिप्रद होती है। कहावत है कि जितने व्यक्ति मौत से मरते है, उससे अधिक मरण भय से असंतुलित होकर बेमौत मरते है।

लाभदायक उनके लिए जो अशुभ संभावनाओं का पूर्वाभास पाकर अपनी जागरूकता बढ़ाते है। सूझ- बूझ से काम लेते और धैर्य, साहस को निखारते है। ऐसे पराक्रमी अपने कौशल को निखारने में इन संकट की घड़ियों को दैवी वरदान की तरह सहायक मानते है। विपत्तियों से जूझने के सत्परिणामों की जानकारी प्राप्त करनी हो, तो उसका विस्तृत विवरण मोर्चे पर लड़ने वाले योद्धा, संयम की साधन करने वाले तपस्वी, संघर्षों से जूझकर महामानव बनने वाले परमार्थ परायण लोक सेवक ही भली प्रकार बता सकते है। वे एक स्वर से यही कहते पाये जायेंगे कि परीक्षा की घड़ी कठिन तो अवश्य थी, पर तपने और कसने के उपरान्त खरा- खोटा कहलाने का जो श्रेय मिल सका उस कष्टसाध्य प्रक्रिया में होकर गुजरे बिना और किसी तरह उपलब्ध नहीं हो सकता था। सम्भव है विश्व मानव को इसी प्रकार से भट्टी में गलाया और नये साँचे में ढाला जा रहा हो।

इन दिनों अशुभ सम्भावनाओं के सम्बन्ध में खगोल विज्ञानी कहते है कि सूर्य पर इन्हीं दिनों भारी विस्फोट कलंक उभरते जा रहे है। उनकी ज्वालायें लाखों मील ऊँची लपकेंगी और असाधारण ऊर्जा अन्तरिक्ष में फेकेंगी। उसका प्रभाव पृथ्वी के पदार्थों और प्राणियों पर बुरा पड़ेगा। यह विघातक प्रक्रिया कई वर्षों तक चलती रहेगी। अन्तरिक्ष विज्ञानी अन्तर्गही परिस्थितियों के कारण धरती के वातावरण में तापमान बढ़ने और उससे संचित हिम भण्डार गलने की बात कहते है। उससे जल प्रलय जैसी घटनायें घटित हो सकती है। भूगोल का पर्यवेक्षण करने वाले बताते है कि यन्त्रों से बढ़ते वायु प्रदूषण से अगले दिनों घुटन पैदा होगी। बढ़ता हुआ कोलाहल विक्षिप्तता उत्पन्न करेगा। अणु विस्फोटों से उत्पन्न विषाक्त विकिरण से जीवनी शक्ति का भयानक ह्रास होगा। भूगर्भ वेत्ता बताते है कि पेयजल, ईंधन तथा खनिज सम्पदा का जिस गति से दोहन और ह्रास हो रहा है, उसे देखते हुए इन साधनों से धरती के दिवालिया हो जाने का खतरा है। अन्तर्राष्ट्रीय राजनीति के पर्यवेक्षक कहते हैं- भय, लोभ और अविश्वास के तत्व शासनाध्यक्षों के मन में बुरी तरह घुस रहे हैं। फलत: तीसरे महायुद्ध की सम्भावना बढ़ रही है। अणु आयुधों के बारूद खान में एक चिनगारी पड़ने की देर है कि विस्फोट से धरती की स्थिति विषाक्त बादलों से भर जायेगी। फलत: प्राणियों का अस्तित्व इस रूप में नही बच सकेगा जैसा आज है।

नेतृत्व विज्ञानी कहते है कि बढ़ती हुई जनसंख्या अपने समय की सबसे बड़ी समस्या है। कुछ ही दिनों में अनियन्त्रित प्रजनन पर भूख, प्यास, युद्ध और महामारी की गाज गिरेगी और फलत: यह अवांछनीय प्रजनन स्वयं तो मरेगा ही धरती की परिस्थितियों को भी इस योग्य न रहने देगा, जिसमें बचे खुचे लोगों को निर्वाह मिल सके।

समाज वेत्ता कहते है कि स्वार्थपरता, संग्रह, विलास और उपभोग की लिप्सा पारस्परिक स्नेह सहयोग की उन परम्पराओं को नष्ट कर देगी, जिसके आधार पर मानवी विकास सम्भव हुआ है। अनुशासन की अवहेलना, उच्छृंखलता में गर्व, अपराधों पर अनियन्त्रण की स्थिति, जिस क्रम से बढ़ रही है उससे समाज संस्था में आदर्श नाम की कोई चीज बच नहीं पायेगी। लोग भूखे भेड़िये की तरह एक दूसरे पर घात- प्रतिघात लगाते और यादवी आत्मघात के शिकार बनते पाये जायेंगे। ये सभी सम्भावनाएँ उन मूर्धन्य लोगों ने व्यक्त की है, जिनके निष्कर्ष तथ्यपूर्ण और प्रामाणिक माने जाते है। इन समस्याओं के रहते भविष्य अन्धकारमय लगता है। जिनके हाथ में संसार के भाग्य निर्धारण की शक्ति है, वे पारस्परिक अविश्वास के वातावरण में रह रहे है और ऐसा कुछ कर नहीं पा रहे है कि विनाश के प्रवाह को रोकने और विकास के ठोस आधार खड़े करने में सफल हो सकें। वे भी चिन्तित और निराश दीखते है। दो हाथ जोड़ने का प्रयत्न करने पर रस्सी चार हाथ अन्यत्र से टूटने लगे तो प्रयत्न कर्त्ताओं को भी हार मानते देखा जाता है।

संसार में ऐसे अतीन्द्रिय क्षमता सम्पन्न भविष्यवक्ता भी यदा- कदा देखने सुनने में आते है, जिनके कथन सुनिश्चित माने जाते हैं। जो कथन अब तक सही सिद्ध हो चुके वे यही बताते है कि इनके द्वारा कही गई बातें भविष्य में भी सच हो सकती हैं। इस स्तर के सूक्ष्मदर्शियों की भविष्यवाणियों में निकट भविष्य को कष्टकारक माना गया है। मनुष्यकृत उपद्रवों के अतिरिक्त दैवी प्रकोपों की सम्भावना व्यक्त की गई।

अध्यात्म वेत्ता कहते हैं कि समस्त मनुष्य समाज एक शरीर की तरह है और उसके घटकों को सुख- दुख में सहयोगी रहना पड़ता है। एक नाव में बैठने वाले साथ- साथ डूबते और पार होते है। मानवी चिन्तन और चरित्र यदि निकृष्टता के प्रवाह में बहेगा तो उनकी अवाँछनीय प्रतिक्रिया सूक्ष्म प्रताड़ना बरसेगी। चित्र- विचित्र स्तर के दैवी प्रकोप संकटों और त्रासों से जन- जीवन को अस्त- व्यस्त करके रख देंगे। हर व्यक्ति का कर्तव्य है कि अपनी सज्जनता तक ही सीमित न रहे, वरन् आगे बढ़कर सम्पर्क क्षेत्रों की अवांछनीयता से जूझे। जो इस समूह धर्म की अवहेलना करता है वह भी विश्व व्यवस्था की अदालत में अपराधी माना जाता है। सामूहिक कर दण्ड की तरह निर्दोषी समझे जाने वालों को भी त्रास सहना पड़ता है। गेहूँ के साथ घुन पिसता है, सूखे के साथ गीला जलता है जैसी उक्तियाँ इस अर्थ में सच है कि सामूहिक उत्तरदायित्वों की अवहेलना व्यापक विपत्तियों का निमित्त कारण बनती है।

सूर्य का पृथ्वी से सीधा सम्बन्ध है और इसी का प्रभाव विशेष रूप से धरती के वातावरण को प्रभावित करता है। पर इस बार बृहस्पति ग्रह में भी विलक्षण प्रकार की उत्तेजनाएँ उत्पन्न हो रही हैं और उनका सीधा प्रभाव अपनी धरती पर भी पहुँचने की सम्भावना है। सूर्य स्पॉट और बृहस्पति के विकिरण का प्रभाव कोढ़ में खाज की तरह दुहरी विपत्ति का निमित्त बन सकता है।

ऐसे ही अनेक कारणों को दृष्टि में रखते हुए सूक्ष्म दर्शियों ने सन् १९८० से २००० के मध्यवर्ती २० वर्षों को अव्यवस्था, विक्षोभ और विपत्ति से भरे पूरे बताया है। इन प्रतिपादनों की एक संगति यह भी बैठती है कि युग परिवर्तन की सन्धि बेला आ गई। उसमें ऐसी उलट- पुलट होनी स्वाभाविक है। असुरता अपना स्थान छोड़ते- छोड़ते जीवन मरण की लड़ाई लड़ेगी। देवत्व को भी इन्हीं दिनों सत्तारूढ़ होना है। इसलिए प्राचीन काल के देवासुर संग्राम की तरह इन दिनों भी व्यापक विग्रह दृष्टिगोचर हो और उससे सामान्य जन- जीवन में अस्त- व्यस्तता उत्पन्न हो तो उसे अप्रत्याशित नही माना जाना चाहिए।

इस विषम बेला में विपत्तियों का निराकरण और सन्तुलन का समापन बड़ा काम है। इस दुहरे समापन का उत्तरदायित्व सृष्टा ही संभाल सकता है। समय- समय पर प्रस्तुत होते रहने वाले असन्तुलनों को संभालने के लिए उस आद्यशक्ति को स्वयं अवतरित होना पड़ा है, जिसने समस्त ब्रह्माण्ड में इस अद्भुत विश्व उद्यान की संरचना की है और उसे सर्वत्र सुन्दर बनाने में अपनी कलाकारिता दांव पर लगा दी है। मनुष्य ससीम है, वह सीमित क्षेत्र में, सीमित मात्रा में, सीमित उत्तरदायित्व ही वहन कर सकता है। व्यापक समस्याओं के समाधान में सृष्टा को बागडोर संभालनी पड़ती है। इसके सुनिश्चित आश्वासन गीता के पृष्ठों में ‘‘यदा- यदा हि धर्मस्य.....’’ के रूप में अँकित हैं। इस बार भी अधर्म के उन्मूलन और धर्म के संस्थापन की भूमिका उसी को निभानी है।

भगवान निराकार है। उनका कर्तृत्व चेतना क्षेत्र में उभरता है और वह प्राणियों में दृष्टिगोचर होता है। हलचलें पदार्थ में होती है। कर्म शरीर करता है और ज्ञान का उदय अन्तराल में होता है। अन्तराल ब्रह्मक्षेत्र है। पुरुषार्थ कर्मक्षेत्र। भगवान क्षेत्राधिपति है इसलिए वे चेतना को झकझोरते है। इससे उत्पन्न उभार ही कार्यरत होता है और पुरुषार्थ के रूप में उसका परिचय मिलता है। प्रज्ञावतार की प्रेरणाएँ देव मानवों का अन्तराल उछालेंगी और उसके अनुशासन में ढलने वालों के मन को उत्कृष्ट चिन्तन तथा शरीर को श्रेष्ठ आचरण के लिए विवश होना पड़ेगा। भूतकाल में भी यही होता रहा है। यही अब भी होना है। भगवान अपनी अवतरण लीलाएँ देवमानवों के द्वारा सम्पन्न करेंगे। इस युग सन्धि में व्यापक परिवर्तन की जो महान प्रक्रियायें सम्पन्न होने जा रही है उनमें भगवान और उसके भक्तों की सम्मिलित भूमिका होगी। राम ने, कृष्ण ने अकेले ही अधर्म उन्मूलन का प्रयोजन पूरा नहीं किया था। उनका हाथ बटाने में कितने ही देव मानव सहभागी बने थे। हर अवतार का लीला संदोह इसी प्रकार का रहा है। प्रज्ञावतार की कार्य पद्धति भी उस पूर्व परम्परा के अनुरूप ही रहेगी।

देव मानवों का अवतरण समयानुसार हो चुका। वे अब इतने समर्थ हो गए कि अपने जीवनोद्देश्य युग अवतार के सहभागी बनने की भूमिका को निभा सकें। अरुणोदय की प्रथम किरणें पर्वत शिखर पर चमकती है। उसके बाद उसका आलोक नीचे उतरता और ऊर्जा का व्यापक वितरण करता है। जाग्रत आत्माएँ देव मानवों के रूप में अपनी विशिष्टता का इन्हीं दिनों परिचय देंगी और महाकाल के संकेतों पर अपनी रीति- नीति निर्धारित करेंगी। विनाश की सम्भावनाओं से जूझने और भविष्य का निर्माण, निर्धारण करने का बहुमुखी कार्यक्रम सामने है। प्रज्ञा परिजनों को अपने हिस्से का उत्तरदायित्व अन्त:प्रेरणा से प्रेरित होकर स्वयं ही अपने कंधे पर वहन करना है। उसी में उनके वर्चस्व की सार्थकता है।







Warning: fopen(var/log/access.log): failed to open stream: Permission denied in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 113

Warning: fwrite() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 115

Warning: fclose() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 118